Home होम यम द्वितीया आज: प्रयागराज में इस जगह भाई करते हैं स्नान फिर...

यम द्वितीया आज: प्रयागराज में इस जगह भाई करते हैं स्नान फिर जाते हैं बहन के घर

प्रयागराज के घूरपुर भीटा में यमुना किनारे भाई स्नान करके बहन के घर जाते हैं। वहां बने पकवान को खाकर बहन को उपहार देते हैं।

प्रयागराज। यमुनापार के घूरपुर स्थित सुजावन देव के ऐतिहासिक मंदिर पर यम द्वितीया यानि आज से दो दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया गया है। यहां पर यम द्वितीया के दिन भाई स्नान करके बहन के घर जाते हैं। वहां खाना खाकर उपहार देते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने वाले भाई की कभी अकाल मौत नहीं होती है।

यमराज ने दिया था बहन यमुना को वचन
आचार्य सच्चिदानंद तिवारी ने बताया कि पुराणों और ग्रंथों की मान्यता है कि यमराज ने अपनी बहन यमुना को वचन दिया था कि यम द्वितीया के दिन जो भी भाई यहां स्नान करेगा। साथ ही बहन के हाथों खाना खाएगा। उसे कभी यम का डर नहीं रहेगा।

यमुना की धारा के बीच बना है मंदिर
घूरपुर के भीटा में यमुना के बीच में भगवान शिव का मंदिर स्थापित है। इस मंदिर के दोनों तरफ से यमुना बहती हैं। यहां पूरे साल पूजा पाठ की जाती है।